स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर अमृत महोत्सव पूरे देश में मनाया जा रहा है। इसके तहत जिले में 11 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी पंचायत भवनों पर भी तिरंगा लहराया जाएगा और लाइटिंग होगी।
जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने कहा कि जिला पंचायत के अलावा जिले की 800 ग्राम पंचायतों व 12 क्षेत्र पंचायत कार्यालयों में झंडारोहण किया जाएगा। ग्राम प्रधान ग्राम सचिवालय और ब्लॉक प्रमुख क्षेत्र पंचायत कार्यालयों में ध्वजारोहण करेंगे। इसी तरह से जिला पंचायत अध्यक्ष जिला पंचायत कार्यालय में झंडा रोहण करेंगे। उन्होंने जिला पंचायत के अलावा सभी ग्राम व क्षेत्र पंचायत परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चत करने की हिदायत दी। जिला पंचायत द्वारा अपने क्षेत्र में कराये गये कार्यों में सर्वश्रेष्ठ कार्य का चयन कर संबंधित अवर अभियंता व संबंधित विकासकर्ता को सम्मानित किया जाएगा। ग्राम व क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत परिसर में पौधरोपण का कार्यक्रम किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित प्रभात फेरी स्थल, जल मार्गों, पार्कों एवं शहीद स्मारकों में विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाएगी। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को अपने घर एवं शासकीय, अर्द्ध शासकीय एवं निजी प्रतिष्ठानों पर झंडा फहराना है। उन्होंने बताया कि 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह के रूप में मनाया जायेगा। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने जिले के सभी ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों तथा जिला पंचायत में कार्यक्रम के लिए जिला पंचायत अपर मुख्य अधिकारी, डीपीआरओ, सभी बीडीओ एवं सहायक विकास अधिकारी को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिया।