मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने जिला पोषण समिति, सम्भव अभियान की बैठक की। इस दौरान विभिन्न योजनाओं में हुई प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान सीडीओ ने पोषण ट्रैकर एप पर अनुपूरक पुष्टाहार वितरण की ग्रोथ मानिटरिंग की फीडिंग शत प्रतिशत कराने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि पोषण ट्रैकर एप पर सैम बच्चों की फीडिंग की गई है परंतु ई-कवच एप पर सैम बच्चों का डाटा कम फीड है। इस पर सीडीओ ने सीएमओ को ई-कवच एप पर डाटा फीडिंग कराने का निर्देश दिया। ताकि सैम बच्चों की फीडिंग संबंधी प्रक्रिया पूरी हो सके। पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती सैम बच्चों की स्थिति की समीक्षा के दौरान सीडीओ को बताया गया कि मई माह में 24, जून में 30 तथा जुलाई में 29 बच्चों का नामांकन कराया गया। चुनार स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में एक भी बच्चों की भर्ती नहीं होने पर सीडीओ ने चुनार के प्रभारी चिकित्साधिकारी को वहां के केंद्र को तत्काल सक्रिय करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सीडीओ ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों को जांच के बाद ही भर्ती कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रत्येक मुख्य सेविका को हर माह कम से कम दो-दो बच्चों को भर्ती कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रेरणा कायाकल्प की समीक्षा की गई। इस दौरान लर्निंग लैब, आंगनबाड़ी केंद्रों के कायाकल्प, केंद्र भवन के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 44 स्वीकृत केंद्रों की तुलना में 42 में कार्य पूरे हो गए हैं, जबकि दो में कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं। निर्माणाधीन केंद्रों में विद्युत कनेक्शन की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता को केंद्रों में कनेक्शन कराने का निर्देश दिया। बैठक में सीएमओ डाॅ. सीएल वर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए अजय प्रताप सिंह, डीडीओ श्रवण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।