मिर्जापुर। जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के निर्देश पर डीपीआरओ ने कोन ब्लॉक में तैनात पांच सफाईकर्मियों का स्थानांतरण कर दिया है। उनको कोन ब्लॉक से हटाकर जमालपुर और राजगढ़ ब्लॉक में भेजा गया है।
शनिवार को जिले में प्रवास के दौरान प्रभारी मंत्री नंदी ने भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। इस दौरान कई पदाधिकारियों ने विभिन्न विभागों तथा थानों में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की शिकायत की थी। जिस पर प्रभारी मंत्री ने डीएम और एसपी को संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया था। इस बीच डीपीआरओ संतोष कुमार ने कोन ब्लॉक के करेरूआ ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मी सुदामा, तिलठी के चंद कुमार, भोगांव के पवन यादव का स्थानांतरण जमालपुर ब्लॉक और ग्राम पंचायत नेवढ़िया में तैनात सफाई कर्मी आनंद कुमार यादव व लालपुर नौडिहा में तैनात सफाईकर्मी पप्पू यादव का स्थानांतरण राजगढ़ ब्लॉक में कर दिया है। प्रभारी मंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से अधिकारियों एवं कर्मचारियों में खलबली मची हुई है।