मिर्जापुर। ओलियर घाट स्थित मदरसा अरबिया में सोमवार को आयोजित शिविर में हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को प्रशिक्षण देकर यात्रा के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान उनका टीकाकरण भी किया गया।
प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत तिलावते कुरआन शरीफ से हुई। सभी 73 हज यात्रियों को मास्टर ट्रेनर मौलाना नजम अली ने हज का सफर शुरू करने से लेकर घर वापस आने तक की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि मो. परवेज खां ने हज यात्रा के संबंध में सऊदी सरकार द्वारा प्रतिबंधित किए गए सामान के बारे में जानकारी दी। साथ ही हैंड बैग व बुकिंग लगेज में रखे जाने वाले सामान के बारे में भी बताया।
उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्य अमानुल्लाह अंसारी ने हज यात्रियों को सचेत किया कि वे हज कमेटी आफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही सामान की पैकिंग करें। जांच के दौरान प्रतिबंधित सामान मिलने पर उसे निकालना पड़ेगा। डाॅक्टरों की टीम में शामिल डाॅ. सुनील यादव, मेराज अहमद, माया मिश्रा, सोनी, नीलम देवी ने सभी हज यात्रियों का टीकाकरण किया। ट्रेनर मौलाना शम्सुद्दीन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। अध्यक्षता मुफ्ती अब्दुल खालिक मुफ्ती ए शहर ने की। इस दौरान हाजी आजाद खां, मो. अशफाक खां, हाजी मुन्ना कुरैशी, आफाक अहमद, वसीम अहमद आदि मौजूद रहे।