प्रयागराज जिले के कोरांव थाना हनुमानगंज पैतिहा निवासी कुछ लोग बुधवार की रात मध्यप्रदेश से ट्रैक्टर ट्राली पर भूसा लादकर वापस लौट रहे थे। रात में करीब दो बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्जनीपुर गांव के पास पीछे से आ रही एक अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में धक्का मार दिया। ट्रक से धक्का लगते ही भूसा लदी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राली में सवार हनुमानगंज पैतिहा निवासी रामदीन (26) पुत्र महादेव की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर ट्राली पर सवार सरजू पुत्र मोती, छोटकऊ पुत्र प्रसाद व विनोद पुत्र मनीजर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक व तीनों घायल युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे। थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज वीरेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। ट्रैक्टर ट्राली को धक्का मारने वाली ट्रक को पकड़कर थाने में खड़ा करा दिया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को मृतक के भाई राममूरत की तहरीर पर मामला दर्ज करने कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।