लालगंज। पतुलकी गांव के सामने निर्माणाधीन फोरलेन के फ्लाईओवर पुल के पास बनाए गए सपोर्ट रोड के गड्ढों में बृहस्पतिवार को पानी और कीचड़ भरा होने से एक ट्रैक्टर फंस गया। इसके कारण, लंबे समय तक जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल बड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाने में सफल हुए। वाराणसी-रीवा निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर लालगंज के पतुलकी गांव के सामने बाईपास फ्लाईओवर पुल के पास बनाए गए सपोर्ट रोड में पानी कीचड़ भरे होने से ट्रैक्टर फंस गया था। इसके कारण, दोनों तरफ से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लंबी दूरी जाने वाले यात्री और मालवाहक वाहन के चालक परेशान हो गए। सपोर्ट रोड में बड़े-बड़े गड्ढे और उसमें भरे पानी सड़क से चलने वालों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बता दें कि इस सड़क से असम, कोलकाता, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, मुंबई समेत विभिन्न प्रांतों के यात्री, मालवाहक वाहन पर्यटकों का दिन भर आना जाना लगा रहता है। यह सड़क 24 घंटे चालू रहती है। मुंबई जाने वाली महिला कोलकाता निवासी मनीषा छोटे-छोटे बच्चों के साथ जा रही थी। उसने बताया कि वह आधे घंटे से अधिक समय से जाम में फंसी है। हालांकि कोतवाल सुभाषचंद्र राय ने बताया कि बरसात में पहुंचकर किसी तरह से ट्रैक्टर को बाहर निकलवाकर जाम खुलवाया गया।