हलिया। थाना क्षेत्र के कुशियरा गांव स्थित जोगीबीर बंधी पर मंगलवार को दोपहर में दशनार्थियों को लेकर जा रही ट्रैक्टर चढ़ाई चढ़ने के दौरान पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठीं दो सगी बहनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक तथा तीन साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए पीएचसी हलिया लेकर गए। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।
हलिया थाना क्षत्र के कुशियरा गांव के बंधवा मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय सियाराम उर्फ कलक्टर अपने ट्रैक्टर पर नातिन मधु उर्फ कुसुम (10), रंजना उर्फ जया (8) तथा नेहा (3) के साथ ट्राली पर परिवार के बाकी सदस्यों को बैठाकर गांव के ही हनुमान मंदिर में कीर्तन करने जा रहे थे। रास्ते में कुशियरा गांव के जोगीबीर बंधी पर चढ़ाई चढ़ने के दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठी मधु तथा रंजना नीचे गिरकर दब गईं। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। नेहा उर्फ साधना (3) तथा दादा ट्रैक्टर चालक सियाराम घायल हो गए। हादसे में ट्राली नहीं पलटी। ट्राली पर बैठे बेटियों के पिता रमेश सहित उस पर सवार 12 लोग बाल-बाल बच गए। ट्राली पर बैठे लोगों के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुखीचंद्र सिंह तथा ग्रामीण घायलों को उपचार के लिए निजी साधन से पीएचसी हलिया ले गए। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. अवधेश कुमार ने प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर देख मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक बाली मौर्या घटना की जांच में जुट गए। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि कुछ लोग ट्रैक्टर से जोगियाबीर स्थित हनुमान मंदिर में कीर्तन के लिए जा रहे थे। चढ़ाई पर ट्रैक्टर पलटने से दो बहनों की मौत हो गई। इस हादसे में घायल बच्ची और ट्रैक्टर चालक को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। एएसपी नक्सल ओपी सिंह का कहना है कि कुशियरा के पास घटना हुई। एक परिवार के लोग अपने निजी ट्रैक्टर से हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन करने जा रहे थे। ट्रैक्टर पलटने से दो लड़कियों की मौत हो गई। चालक समेत दो लोग घायल हो गए।