मिर्जापुर। जिले में 19 करोड़ रुपये खर्च पर्यटन व धार्मिक स्थलों का विकास कराया जाएगा। इस धनराशि से आठ प्रमुख विकास कार्य कराए जाएंगे।
यह जानकारी केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने दी। उन्होंने बताया कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को 23 मई को पत्र लिखकर जिले में स्थित पर्यटन व धार्मिक स्थलों के विकास का अनुरोध किया गया था। उनके अनुरोध पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। प्रस्तावित कार्यों में ऐतिहासिक चुनार किले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य भी शामिल है। इसके लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार विंढम फाल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए भी दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत बिरोही के समीप पहाड़ी पर स्थित मां नंदजा देवी के मंदिर के सुंदरीकरण एवं अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार खड़ेगरा भुइली खास स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर के सुंदरीककरण के लिए दो करोड़, विधानसभा क्षेत्र चुनार के बैकुंठ महादेव स्थल नारायणपुर के सुंदरीकरण व अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए भी दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा सिटी ब्लॉक में हनुमान मंदिर ग्राम चिंदलिख गहरवार के सुंदरीकरण एवं अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए दो करोड़, ग्राम नेगुरा रिबई सिंह में स्थित पौराणिक एवं ऐतिहासिक शंकर जी के मंदिर के सुंदरीकरण के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह से मिर्जापुर जिले के अन्य पर्यटन स्थलों के विकास के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि ऐतिहासिक स्थलों के सुंदरीकरण एवं यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं के लिए प्रस्तावित विकास कार्य जल्द ही पूरे कर लिए जाएंगे। इन विकास कार्यों के पूरा होने से जिले में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी। इससे जिले के राजस्व में भी वृद्धि होगी।