नगर में पद यात्रा निकालते जिले के प्रभारी व कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी व अन्य , स्रोत सोशल म
मिर्जापुर। जिले के प्रभारी व प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल नंदी ने कांग्रेस नेतृत्व की बुद्धि पर ही प्रश्न उठा दिया है। कहा कि जब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को ही सद्बुद्धि नहीं है तो अन्य की बात ही करना व्यर्थ है। वे सोमवार को बरौंधा कचार स्थित भाजपा के जिला कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने जीएसटी की घटी दरों के बारे में सरकार की ओर से जानकारी दी। कैबिनेट मंत्री से जब यह पूछा गया कि कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि जीएसटी आठ वर्ष पहले लागू की गई थी जिसको वापस करने में प्रधानमंत्री को आठ साल लग गए। भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें। इस पर कैबिनेट मंत्री ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस सद्बुद्धि की बात न करें। जब उनके शीर्ष नेता को सद्बुद्धि नहीं है तो अन्य की बात करना ही व्यर्थ है। यह विपक्ष की हताशा है। कहा कि जीएसटी की दरों के कम होने से आम आदमी को राहत मिलेगी। रोजमर्रा के सामानों के दाम कम होंगे। उस बचत से आम आदमी की आर्थिक उन्नति होगी। वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में देश को जीएसटी से 22.80 लाख करोड़ मिले। छात्रों को उनकी पठन सामग्री का दाम कम होने से राहत मिलेगी। इस दौरान मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, रत्नाकर मिश्र, शुचिस्मिता मौर्य, नगर पालिकाध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी, जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह व अन्य थे। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जीएसटी बचत उत्सव के तहत नगर में पदयात्रा कर जीएसटी के बारे में जानकारी दी। संवाद