फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: हादसों में अध्यापक समेत तीन लोगों की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
मिर्जापुर। जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शुक्रवार की रात और शनिवार नो सुबह हुए हादसे में अध्यापक समेत तीन लोगों की जान चली गई और पांच लोग घायल हो गए।
विज्ञापन

पड़री थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर भरपुरा गांव के पास राजपूत ढाबा के सामने शनिवार को सुबह करीब छह बजे टायर फटने से असंतुलित होकर फॉर्च्यूनर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। हलिया थाना क्षेत्र के कोटाघाट चौदहवां के पास बिजली के पोल से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। विंध्याचल थाना क्षेत्र के अमरावती शायर माता मंदिर के पास शुक्रवार को हादसे में दंपती घायल हो गए। वाराणसी ट्रामा सेंटर ले जाते समय पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी का इलाज चल रहा है। बलिया जनपद के रहने वाले कुछ लोग मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम गए थे। शनिवार को सुबह वहां से सभी फार्च्यूनर से अपने घर बलिया लौट रहे थे। फॉर्च्यूनर पड़री थाना क्षेत्र के भरपुरा हाईवे पर राजपूत ढाबा के ठीक सामने पहुंची तो टायर फटने के कारण असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री ले जाया गया। जहां डाॅक्टर ने रमेश कुमार (31) निवासी जलालपुर थाना कोतवाली जिला बलिया को मृत घोषित कर दिया।
रमेश के बड़े भाई चालक विनोद कुमार (38), रवि कुमार गुप्ता (30) निवासी देवरिया, आशुतोष सिंह (34) निवासी रीवां, अमित गर्ग (28) निवासी छतरपुर मध्य प्रदेश को हल्की चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बड़े भाई की लिखित सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अजित श्रीवास्तव ने बताया कि फार्च्यूनर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। चार लोग घायल हुए हैं।
विज्ञापन

उधर, कछवां थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी जोगिंदर (32) शुक्रवार की शाम अपनी पत्नी पूनम (30) को लेकर ससुराल जा रहे थे। ससुराल में ससुर के बड़े भाई का निधन होने पर शुक्रवार को तेरहवीं थी। जिसमें शामिल होने के लिए वे पत्नी के साथ जा रहे थे। वे विंध्याचल थाना क्षेत्र के अमरावती शायर माता मंदिर के पास पहुंचे थे कि किसी वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में बाइक सवार जोगिंदर और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजवाया। मंडलीय अस्पताल में रात को हालत गंभीर देखकर ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में जोगिंदर की मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। महिला मिर्जापुर ट्रामा सेंटर में भर्ती है। जोगिंदर चुनार के मंगरहा स्थित माता शांति इंटर काॅलेज में अध्यापक थे। वे घर पर भी कोचिंग पढ़ाते थे। वे चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनसे एक पुत्री और दो पुत्र हैं।
मौत से परिवार में कोहराम मच गया। विंध्याचल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अतुल राय ने बताया कि हादसे में बाइक सवार की मौत हुई है।
उधर, हलिया थाना क्षेत्र के अहुंगीकला गांव निवासी जय बहादुर (25) पुत्र छांगुर अपनी बाइक से पत्नी पूनम व दो पुत्रों को लेकर बहन के घर प्रयागराज जनपद के मांडा क्षेत्र के गेरुआ डीह वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। पत्नी व पुत्र को बहन के घर पहुंचाकर शुक्रवार की शाम बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में हलिया-लालगंज मार्ग पर कोटाघाट के चौदहवा में पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पोल से टकरा गई। इससे बाइक सवार जय बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी तिलांव रणविजय सिंह ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को उपचार के लिए एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजवाया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। जहां चिकित्सक ने जय बहादुर को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक अपने माता-पिता का अकेला पुत्र था। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि बिजली के पोल से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें