पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को फर्जी प्रश्नपत्र दिखाकर पैसा वसूलने वाले गैंग के चार सदस्यों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनके पास से पैसा, मोबाइल व फर्जी प्रश्नपत्र बरामद हुए हैं।
पुलिस भर्ती परीक्षा में साल्वर और नकल माफिया पर कार्रवाई के लिए गठित एसटीएफ ने कुछ संदिग्ध लोगों को पकड़ कर जिगना थाने की पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि गैंग के कुछ लोगों ने पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा कर पैसा लिया। अभ्यर्थियों को कूटरचित प्रश्नपत्र दिखाकर यह बताया कि यही असली प्रश्नपत्र है।
इसके बाद पुलिस ने कूटरचित प्रश्नपत्र तैयार कर अभ्यर्थियों से पैसा वसूलने वाले गैंग के चार सदस्यों नयेपुर निवासी अनिल कुमार, विष्णु उर्फ राजा, मनिकठी निवासी परमात्मा उर्फ टीटी, राजू उर्फ राजीव तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि अनिल कुमार, परमात्मा और विष्णु को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से पैसा लेकर देने वाला फर्जी प्रश्नपत्र के अलावा 8950 रुपये और तीन मोबाइल फोन मिले हैं। राजू तिवारी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
सीओ लालगंज शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि कूटरचित प्रश्नपत्र तैयार कर अभ्यर्थियों को दिखाकर पैसा वसूलने वाले गैंग के तीन लोगों को पकड़ा गया है। एक और की तलाश की जा ही है। कितने लोगों से पैसे वसूल किए गए, इसकी भी जांच की जा रही है।