मिर्जापुर। अहरौरा पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार की रात सुकृत बार्डर से दो डीसीएम वाहनों पर लदी 1600 पेटी अवैध शराब के साथ तीन अंतर प्रांतीय तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ बताई गई है।
यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। अहरौरा क्षेत्र से होकर शराब की खेप जाने की सूचना पर मिलने पर उन्होंने अहरौरा पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम को गिरफ्तारी के लिए लगाया। शुक्रवार की रात मुखबिर की सूचना पर अहरौरा थानाध्यक्ष अमित मिश्रा, आबकारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र त्रिवेदी की टीम ने सुकृत बार्डर पर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान दो डीसीएम वाहनों को आते देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस देख शराब तस्करों ने वाहनों को रोककर भागने का प्रयास किया, परंतु पुलिस ने मौके से हरपाल सिंह उर्फ सोनू निवासी जिवाई कतीम थाना पटवई जनपद रामपुर, विजय पाल निवासी खाता चिन्तामणि थाना मिलक जनपद रामपुर व प्रमोद मौर्या निवासी बकनौरी थाना शहजादनगर जनपद रामपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों डीसीएम से 1600 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपियों को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।वाहनों को सीज कर दिया गया।