विंध्याचल /जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे मार्ग पर अकोढ़ी गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बीमार रिश्तेदार को देखकर लौट रहे बाइक सवार दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सूूचना पर पहुंची पुलिस शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
जिगना थाना क्षेत्र के बरबटा गांव निवासी राजदेव बिंद (35) पत्नी सन्नो देवी (32) और अपनी फुफेरी बहन आशा देवी (45) के साथ मिर्जापुर अस्पताल में किसी रिश्तेदार को देखने गया था। दोपहर साढ़े तीन बजे बाइक से तीनों घर लौट रहे थे। रास्ते में विंध्याचल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे मार्ग पर अकोढ़ी गांव के पास तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर अलग-अलग दिशा में दूर जाकर गिरे। दोनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। बाइक सवार तीनों की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वाहन को 500 मीटर दूर खड़ा कर फरार हो गया। ग्रामीणाें ने बताया कि बाइक सवार चार पहिया वाहन को ओवरटेक कर रहा था। चार पहिया वाहन में दो महिला और दो पुरुष सवार थे। मौके पर पहुंच सीओ सिटी मनोज गुप्ता और थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा ने शव की शिनाख्त कराकर परिजनों को सूचना दी। सीओ सिटी मनोज गुप्ता ने बताया कि सड़क हादसे में पति पत्नी और फुफेरी बहन की मौत हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।