चुनार। क्षेत्र के गंगा तट पर चुनार महोत्सव के आयोजन के लिए पंडाल बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विश्व धरोहर के रूप में स्थित चुनार दुर्ग की ऐतिहासिकता को जानने, पर्यटन को बढ़ावा देने व स्थानीय उत्पाद को पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की तरफ से तीन दिवसीय चुनार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सात जुलाई से शुरू होगा और इसका समापन नौ जुलाई को होगा। महोत्सव के लिए बालूघाट पर पंडाल बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वाटर प्रूफ पंडाल 54 फीट चौड़ा एवं 150 फीट लंबा बनाया जा रहा है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 24 फीट चौड़ाई और इतने ही लंबाई का मंच बनाया जाएगा। महोत्सव के दौरान लाइट एंड साउंड शो के जरिये चुनार के ऐतिहासिक, पौराणिक एवं सांस्कृतिक इतिहास के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही दुर्ग के परेड ग्राउंड में स्थानीय उत्पाद के स्टाल भी लगाएं जाएंगे। गंगा आरती व अन्य विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। एसडीएम नवनीत सेहारा ने बताया कि महोत्सव सात जुलाई से शुरू होगा और नौ जुलाई तक चलेगा। महोत्सव से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को तैयारियों के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।