अदलहाट। थाना क्षेत्र के परसिया गांव में तीन दिन पूर्व दहेज के लिए हुई हत्या के तीन आरोपियों सास, ससुर व पति को पुलिस ने रविवार को उनके घर से गिरफ्तार कर चालान किया। थाना क्षेत्र के घरवासपुर (पहाड़ी) गांव निवासी राजनारायण सिंह ने पुत्री प्रीती सिंह का विवाह थाना क्षेत्र के परसिया गांव निवासी नागेंद्र प्रसाद सिंह के साथ छह दिसंबर 2020 को किया था। प्रीती की 26 मई को घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता ने दहेज के लिए हत्या किए जाने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें अदलहाट पुलिस ने रविवार को तीन आरोपी रणधीर सिंह पुत्र नागेंद्र सिंह, नागेंद्र सिंह पुत्र भुल्लन सिंह व पार्वती पत्नी नागेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।