विंध्याचल (मिर्जापुर)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राम आसरे विश्वकर्मा ने रविवार को विंध्यवासिनी धाम में दर्शन-पूजन किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और इंडिया के अन्य दल एकजुट होकर लोकसभा चुनाव में भाजपा को केंद्र में जाने से रोकने का कार्य करेंगे। इस बार भाजपा की नहीं विपक्ष की सरकार बनेगी।
पत्रकारों के इस सवाल कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय तो यह कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश की हर सीट पर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेंगे, इस पर उन्होंने कहा कि वे (अजय राय) नए-नए अध्यक्ष बने हैं, उनके बारे में क्या कहना है। कांग्रेस पिछले चुनाव के रिकॉर्ड को देख ले कि कितने सीटों पर वह जीती है। समाजवादी पार्टी को इस पर कमेंट करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के तहत ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीतने का कार्य सपा करेगी। उत्तर प्रदेश में केवल समाजवादी पार्टी का ही जनाधार है। हर वर्ग हर मजहब के लोग पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। जब अखिलेश यादव की सरकार थी तो विकास के कई कार्य हुए थे। पिछले कई साल से भाजपा की सरकार है, लेकिन न तो उद्योग स्थापित हो रहे हैं और न ही रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। सड़कें, शौचालय और मकान सभी कागज पर बना रहे हैं। इसे मुख्यमंत्री अथवा सरकार का मंत्री किसी गांव का औचक निरीक्षण करके देख ले। उसे सच्चाई समझ में आ जाएगी। सपा नेता व तीर्थ पुरोहित विजय बाबू मिश्र ने उन्हें दर्शन-पूजन कराया।