हलिया ब्लॉक के लहुरियादह तथा भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव की पुरानी पाइप लाइन परियोजना को अब जल जीवन मिशन से जोड़कर पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। इसके लिए मंगलवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल भैसोड़ व लहुरियादह गांव पहुंचीं और मौके पर मौजूद जीवन मिशन के अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर संयुक्त पेयजल परियोजना का नये सिरे से इस्टीमेट तैयार प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद कार्यदाई संस्था के डीजीएम से राय मशविरा करा दिया। इस दौरान डीजीएम ने बताया कि देवहट हनुमान मंदिर के पास स्थित वाटर पंप में डबल बूस्टर लगाकर ड्रमंडगंज घाटी के ऊपर बसे लहुरियादह और भैसोड़ बलाय पहाड़ गांव में पाइपलाइन के जरिए पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
डीएम ने बताया कि इस परियोजना को पूर्ण करने में करीब एक वर्ष का समय लगेगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि यहां पानी की समस्या का स्थाई समाधान कराएंगी। डीएम ने ग्राम प्रधान से तब तक के लिए लहुरियादह गांव में पूर्व की भांति आवश्यकतानुसार टैंकर से नियमित पेयजल की आपूर्ति कराते रहने के लिए कहा।
डीएम ने लहुरियादह गांव के ध्वस्त हो चुके पुराने कुएं का भी निरीक्षण किया। कुएं को देखने के बाद डीएम ने मौके पर उपस्थित भूगर्भ जल सर्वेक्षण विभाग के अधिकारियों को उसके भूमिगत जलस्रोत का पता लगाने का निर्देश दिया। कहा कि यदि जलस्रोत मिल जाए तो इस कुएं का जीर्णोद्धार कराया जा सकता है। इस दौरान ग्राम प्रधान कौशलेंद्र गुप्ता, सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस, डीपीआरओ अरविंद कुमार, एडीएम नमामि गंगे अमरेंद्र कुमार वर्मा, बीडीओ हलिया कुलदीप कुमार पटेल मौजूद रहे।