मिर्जापुर। नवरात्र मेला शुरू होने पर भी बिजली कटौती से लोगों को राहत नहीं मिली। रविवार को नवरात्र का पहला दिन होने के बावजूद नगर और विंध्य क्षेत्र में कई बार बिजली आई और गई। इससे आम नागरिकों व दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर में इन दिनों बिजली आपूर्ति की स्थिति खराब चल रही है। कुछ दिन पूर्व हुई बारिश और आंधी की वजह से बिजली आपूर्ति में बाधा हो रही थी तो अब कुछ दिन पूर्व मेला की तैयारियों के चलते बिजली कट रही थी। रविवार को नवरात्र मेला शुरू होने के बाद भी कटौती बंद नहीं हुई। रविवार को नगर के वासलीगंज, सिविल लाइन, त्रिमुहानी व स्टेशन रोड के कई मोहल्लों में बिजली का आना-जाना लगा रहा। सुबह-सुबह बिजली कट जाने से लोगों को परेशानी हुई। पानी के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। सुबह लगभग 9 बजे बिजली आई। उसके बाद फिर कट गई जो कि एक घंटे बाद आई। इससे नागरिकों को काफी परेशानी हुई। रविवार का दिन होने के कारण लोग अवकाश पर थे, लेकिन बिजली कट जाने से उनकी परेशानी बढ़ गई। दोपहर लगभग 12 बजे के आसपास विद्युत आपूर्ति सामान्य हो सकी।
उधर, नवरात्र मेला के दौरान अष्टभुजा पहाड़ी से काली खोह मार्ग पर चलने वाला रोपवे बिजली कटौती के कारण कई बार बंद हुआ। इससे बीच में रुके यात्रियों की चिंता बढ़ गई। हालांकि, तुरंत रोपवे चालक ने जनरेटर का सहारा लेकर उसका संचालन शुरू किया। ऐसा कई बार होने पर दर्शनार्थी सतर्क हो गए और कुछ देर इंतजार के बाद वे रोपवे पर बैठे। हालांकि बाद में विद्युत आपूर्ति सामान्य होने पर रोपवे का संचालन सुचारु हो गया। इस संबंध में विद्युत निगम के वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार का कहना था कि लोकल फाल्ट के कारण एक-दो बार शटडाउन लिया गया था। बिजली आपूर्ति सामान्य है। कहीं कोई कटौती नहीं की जा रही है।