मिर्जापुर। जिला पंचायत सभागार में बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता सिंह ने जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न के मामलों को सुना। इस अवसर पर आठ मामले प्रस्तुत हुए। आए आठ मामलों मों दो बीमा से संबंधित थे। शेष छह घरेलू हिंसा व उत्पीड़न से संबंधित थे। जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी ने जानकारी दी कि पिछली जन सुनवाई में 19 मामले आए थे। इसमें से नौ मामलों की जांच या कार्यवाही की आख्या उपलब्ध हो गई है। उसे संबंधित अधिकारी को उपलब्ध करा दिया गया है। शेष 10 मामले की आख्या अभी तक नहीं मिली है। सदस्य अनीता सिंह ने इस पर नाराजगी जतायी और सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह को आवश्यक त्वरित कार्रवाई के लिए कहा। प्राधिकरण के सदस्य सुरेश कुमार त्रिपाठी ने प्राप्त आख्या से महिला सदस्य को जानकारी दी। महिला स्वाधार गृह में संरक्षित एक महिला के मामले को अतिशीघ्र निस्तारित करने को कहा। एएसपी संजय वर्मा, डीपीओ वाणी वर्मा, डूडा प्रभारी प्रतिभा श्रीवास्तव, महिला थाना प्रभारी लक्ष्मी व अन्य थे।