हलिया। थाना क्षेत्र के बरूआ गांव निवासी युवक ने मंगलवार की शाम घर से करीब 500 मीटर दूर नाले के किनारे अर्जुन के पेड़ में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे में लटक कर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। युवक की एक मई को शादी थी।
क्षेत्र के बरूआ गांव निवासी राजबहादुर (20) सोमवार को औरा गांव में बाइक से अपने नाना रामनारायण के यहां गया था। उसके बाद नाना को लेकर उनकी ससुराल मनिगढ़ा गांव चला गया। मंगलवार को घर लौटने पर पिता ने दो दिन घर से बाहर रहने व बाइक स्टार्ट नहीं होने पर फटकार लगाई। युवक पिता की डांट से क्षुब्ध होकर मंगलवार की शाम घर से करीब 500 मीटर दूर मगरदहा नाले के पास अर्जुन के पेड़ में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे में लटक कर जान दे दी।
मंगलवार को देर शाम बकरियों को पानी पिलाने गए चरवाहों ने पेड़ से शव लटकते देख गांव में परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजन रोते बिलखते पेड़ के पास पहुंचे। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। परिजनों ने बताया कि युवक की एक मई को मध्य प्रदेश के सीधी जनपद के बहोरी गांव में शादी होने वाली थी। दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। थानाध्यक्ष विष्णु प्रभा सिंह ने बताया कि पेड़ में रस्सी के फंदे में लटक कर जान देने वाले युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।