अहरौरा। लखनिया स्थित चूना दरी जलप्रपात पर पिकनिक मनाने आया वाराणसी का युवक अपने साथी को बचाने में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने डूबे युवक की तलाश कराई पर देर शाम तक उसका पता नहीं चला। डूबे युवक की तलाश के लिए पुलिस ने चुनार से गोताखोरों के दल को बुलाया है। होली के बाद लखनिया दरी जलप्रपात पर पिकनिक मनाने के लिए पांच दोस्त सूर्यश प्रताप सिंह (24) निवासी बड़हर कोठी दुर्गाकुंड पेट्रोल पंप के पीछे वाराणसी, अपने मित्र हर्षवर्धन त्रिपाठी (25) निवासी सेंट जॉंस कॉलोनी मड़ौली मंडुवाडीह, चंद्र शेखर गुप्ता (24) निवासी जोखनाविला श्रीनगर कॉलोनी गुरुबाग लक्सा, विशाल दुबे (23) निवासी भिटारी लहरतारा, बिडवान कपूर (24) निवासी चेतगंज वाराणसी मंगलवार को पहुंचे। घूमते फिरते वे चूना दरी जलप्रपात गए। जहां गहरे पानी के दह में सब नहाने के लिए कूदे। इसी दौरान एक युवक डूबने लगा। उसको बचाने के लिए सूर्यश प्रताप सिंह कूद पड़ा पर वह डूब गया। उसका साथी बच गया। हादसे को देख मौके पर मौजूद अन्य साथी उसको बचाने के लिए चिल्लाने लगे पर उसको बचाया नहीं जा सका। युवकों ने अहरौरा पुलिस को हादसे की सूचना दी। खबर मिलते ही थानाध्यक्ष अजीत कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। डूबे युवक की घंटों तलाश कराई गई पर उसका पता नहीं चला। पुलिस ने चुनार से गोताखोरों को बुलवाया। डूबे युवक की तलाश कराई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद युवकों में कोहराम मच गया। साथियों ने घटना की सूचना डूबे युवक के परिजनों को दी है।