चुनार थानाक्षेत्र के जलालपुर माफी गांव में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत हो गई। क्षेत्र निवासी चंद्रजीत सिंह (46) पुत्र देवेंद्र सिंह उर्फ दौलत सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके परिजन वाराणसी के अमरा बाईपास के पास रहते हैं। पड़ोसियों का कहना है कि विगत पांच दिनों से चंद्रजीत सिंह खुद को घर के अंदर बंद किए हुए थे। छह दिनों से घर का दरवाजा नहीं खुला था। तीन दिनों से कोई आहट भी नहीं लग रही थी। इसकी सूचना फोन के माध्यम से चंद्रजीत के परिजनों को दी गई। पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर उप निरीक्षक हरेराम यादव पहुंचे। ताला तोड़कर अंदर गए तो देखा कि चंद्रजीत मृत अवस्था में आंगन में पड़ा हुआ था। शव में से बदबू आना शुरू हो गया था। पड़ोसियों का कहना था कि परिवार के लोग विशेष ध्यान नहीं देते थे, जिससे उसकी यह हालत हो गई। मृतक चार भाई था। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण अब तक शादी नहीं हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।