चुनार। न्यायालय में लंबित वाद में जमीन पर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने पहुंची पुलिस और तहसील प्रशासन को खाली हाथ वापस होना पड़ा। निर्माण के लिए नींव खुदाई का एक पक्ष विरोध करते हुए आवागमन के लिए रास्ते की मांग कर रहा था। सुनवाई न होने पर पीड़ित पक्ष के परिवार का एक युवक पास में ही स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। निर्माण कार्य न रोके जाने पर कूद कर जान देने की चेतावनी देने लगा।
उधर, निर्माण कार्य बंद कराकर प्रशासनिक अधिकारी उसे पानी टंकी से नीचे उतरने के लिए कहने लगे, लेकिन वह एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा। रात आठ बजे के करीब तहसील और पुलिस विभाग की तरफ से लिखित रूप से आश्वासन दिए जाने पर वह पानी टंकी से नीचे उतरा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कजरहट पुलिस चौकी के चेचरी मोड़ इलाके में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास एफसीआई का गोदाम है। गोदाम व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीच से इंद्रावती देवी के सहन, मकान व मेडिकल स्टोर तक ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन से आने-जाने का रास्ता है। मंगलवार को दोपहर बाद नायब तहसीलदार, लेखपाल और कजरहट चौकी प्रभारी जेसीबी लेकर वहां पहुंचे। नापी करने के बाद बाउंड्रीवाल बनवाने के लिए जेसीबी से नींव की खुदाई कराने लगे। इस बीच अपने घर का रास्ता बंद होते देख इंद्रावती और उसके बेटों ने रास्ता छोड़कर बाउंड्रीवाल बनाने की बात कही, लेकिन वहां उपस्थित तहसीलकर्मी व पुलिस के लोगों ने उसकी बात नहीं मानी। शाम होते-होते बाउंड्रीवाल बनाने के लिए ईंट आदि निर्माण सामग्री भी गिर गए।
उधर, सामग्री गिरते देख इंद्रावती का पुत्र अजय कुमार जायसवाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और निर्माण कार्य बंद कराने की मांग करने लगा। यह देख वहां मौजूद तहसील व पुलिस कर्मियों ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक उमाशंकर सिंह व कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन पहुंचे। अधिकारियों ने उसे समझा बुझाकर पानी टंकी से उतरने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। वह लिखित आश्वासन की मांग पर अड़ा रहा। तहसील व पुलिस प्रशासन की ओर से जब तक रास्ते का मामला विचाराधीन है, तब तक राजस्व अथवा पीसीएफ की तरफ से निर्माण नहीं कराए जाने के लिखित आश्वासन दिए जाने पर रात आठ बजे वह टंकी से नीचे उतरा। तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली। तहसीलदार नुपुर सिंह ने बताया कि न्यायालय में वाद विचाराधीन होने के कारण निर्माण कार्य स्थगित कर दिया गया है।