मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के टाड़ गांव में मंगलवार को देर रात एक बुनकर ने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी। बुधवार को सुबह कमरे से बाहर नहीं आने पर पत्नी ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद होने पर खिड़की से देखा तो बुनकर फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर नीच उतारा गया।
क्षेत्र निवासी कम्प्यूटर बिंद (35) गांव में ही दरी-गलीचा बुनने का कार्य करते थे। वे मंगलवार की रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए। परिवार के बाकी सदस्य छत पर सोए थे। बुधवार को सुबह जब पत्नी गुड़िया देवी की नींद खुली तो वे नीचे आईं। उन्होंने कमरे का दरवाया खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से अंदर कमरे में देखा तो कम्प्यूटर बिंद पंखा लगाने के हुक पर साड़ी के सहारे फंदे पर लटके हुए दिखे। उन्होंने शोर मचाकर परिजनों को बुलाया। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेेज दिया। कम्प्यूटर बिंद से तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। देहात कोतवाल बृजेश सिंह ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी है।