अदलहाट क्षेत्र के किसानों ने मंगलवार को नहर से जलकुंभी तथा झाड़ियां हटाकर साफ-सफाई कर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आइना दिखाने का काम किया है। टेल तक पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान थे। किसान धान की फसल की सिंचाई के लिए नहर की साफ-सफाई कराने की मांग भी कर रहे थे। कोई सुनवाई न होते देख मंगलवार को एकजुट होकर खुद नहर की साफ-सफाई की।
रजौली गांव के दर्जनों की संख्या में किसान मंगलवार को नहर में उतर गए। इस दौरान किसानों ने हुसेनपुर-पौनी भागवत ब्रांच के पौनी से लालपुर पुल तक लगभग दो किलोमीटर लंबी नहर की साफ-सफाई की। ग्रामीणों का कहना था कि इस वर्ष अवर्षण के चलते धान की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। उनका आरोप था कि नहर में उगे जल कुंभी व झंखाड़ के कारणपानी टेल तक नहीं पहुंच रहा था। इस समस्या को देखते हुए लगभग 50-60 की संख्या में किसान फावड़ा, कुदाल, हंसिया आदि लेकर साफ-सफाई में जुट गए। ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार सिंह का आरोप है कि कई बार उच्चाधिकारियों से साफ-सफाई कराने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। नहर की साफ-सफाई करने वालों में संतराम सिंह, गणेश प्रसाद सिंह, महेन्द्र सिंह, पारसनाथ सिंह, राजेन्द्र प्रसाद सिंह, घूरे राम, राधेश्याम, चंद्रभुवन, लोकपति, दीपक पटेल आदि शामिल रहे। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता केके सिंह का कहना है कि साल मेें एक बार केवल नवंबर व दिसंबर माह में नहरों की सफाई कराई जाती है।