ड्रमंडगंज पुलिस ने दर्शनार्थियों को बैठाकर गड़बड़ा धाम जा रहे ट्रैक्टर को ट्राली समेत पकड़कर थाने में खड़ा करा दिया।
थानाध्यक्ष ड्रमंडगंज अतुल कुमार पटेल ने बताया कि मंगलवार को दोपहर वे ड्रमंडगंज बाजार में पूजा पंडालों की निगरानी कर रहे थे। उसी दौरान करीब 30 की संख्या में दर्शनार्थी एक ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठकर आते दिखाई दिए। ट्रैक्टर रोक कर जब पूछताछ की गई तो ट्राली पर सवार लोगों ने बताया कि सभी भैंसोंड़ बलाय पहाड़ गांव के निवासी हैं और गड़बड़ा दर्शन करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सभी दर्शनार्थियों को ट्राली से नीचे उतारने के बाद ऑटो से गड़बड़ा धाम भेजने की व्यवस्था कराई गई। इसके बाद ट्राली समेत ट्रैक्टर को थाने में खड़ा करा दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैक्टर-ट्राली पर समूह में लोगों को बैठाकर कहीं आते-जाते मिलने पर वाहन सीज कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।