हलिया। स्थानीय विकास खंड में क्षेत्र पंचायत से विभिन्न ग्राम पंचायतो में वर्ष 2007 से 2010 के बीच पौने छह करोड़ रुपए से मनरेगा घोटाले की जांच कर रही सीबीआई टीम दुसरे दिन भी जांच, पड़ताल में लगी रही।
लखनऊ के स्पेशल क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर एमए खान व जीएन तिवारी बुधवार को घोटाले से जुड़े गांवों में पहुंचकर उस दौर में काम पर लगे श्रमिको से मुलाकात कर पूछताछ किया। इससे पहले मंगलवार को टीम दिघुली संपर्क मार्ग से बड़गड़ा संपर्क मार्ग में मनरेगा योजना के तहत कराए गए संपर्क मार्ग के लिए जारी मस्टर रोल व कार्य में दर्शाए गए मनरेगा श्रमिकों का बारी-बारी से बयान दर्ज कर किया है। साथ ही मनरेगा से कराए गए कार्य व भुगतान से जुड़े फर्मों की पड़ताल कर चुकी है। उक्त घोटाले की जांच कर रही सीबीआई टीम इससे पहले भी कई बार हलिया धमक चुकी है। जांच कर रही सीबीआई टीम पूर्व में चार बीडीओ समेत 54 लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करा चुकी है। सूत्रों की मानें तो जांच अब अंतिम दौर में है। घोटाले में कब गाज गिरेगी इसे लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ी हुई है।