मिर्जापुर। महुवरिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार को असंगठित क्षेत्र के नवप्रवर्तकों के माॅडलों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें लक्षणधारी बिंद की रिसर्च साइकिल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इनकी साइकिल एक लीटर पेट्रोल में 150 किमी चलती है।
द्वितीय पुरस्कार आर्यन प्रसाद की गोभी उखाड़ने की मशीन, तृतीय पुरस्कार रोहित मौर्य की मिट्टी की बोतल बनाने की मशीन। साथ ही सांत्वना पुरस्कार के लिए सुबास सिंह, प्रिंस कुमार, जय प्रकाश बिंद, प्रिंस कुमार, सौरभ विश्वकर्मा का चयन किया गया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विंध्याचल के प्रधानाचार्य महेंद्र सोनकर, डाॅ. जेपी राय, जिला समन्वयक सुशील कुमार पांडेय ने दीप प्रज्वलित करके किया। जिला विज्ञान क्लब समन्वयक सुशील कुमार पांडेय ने विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए कहा की असंगठित क्षेत्र के नव प्रवर्तक का मतलब समाज के ऐसे वैज्ञानिकों से है, जिन्होंने कभी विज्ञान नहीं पढ़ा हो और वे समाज की मुख्यधारा से अलग थलग पड़े हों। नवप्रवर्तन पर व्याख्यान का भी आयोजन किया गया। जिसमें डॉ. जेपी राय, डॉक्टर एस के गोयल, डॉक्टर एस एन सिंह, प्रिंसी पांडेय आदि ने अपने विचार प्रकट किए।
प्रदर्शनी में 15 नव प्रवर्तकों ने अपने नव प्रवर्तन का प्रदर्शन किया। विजेताओं को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 8000रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5000 रुपये, तृतीय पुरस्कार स्वरूप 3000 रुपये तथा पांच को सांत्वना पुरस्कार 2000 रुपये की धनराशि खाते में भेजी जाएगी। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, स्मृति चिन्ह विशेषज्ञों व प्रधानाचार्य ने प्रदान किया। इस कार्यक्रम में सिद्धार्थ सिंह, यथार्थ पांडेय, राजेंद्र मौर्य, पंकज ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।