मिर्जापुर। भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र के शिवपुरी कालोनी के लोगों ने सरकारी नाला पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को मंडलायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र निवासी रेखा देवी ने बताया कि उनके घर के बाहर से सरकारी नाला गया है। जिसमें उनके और आस-पास के घरों का पानी बहता है। नाला को कुछ लोगों ने जेसीबी से मिट्टी डलवाकर पाट दिया है। नाला को पाटकर प्लाटिंग के लिए रास्ता बनाने का आरोप लगाया। इस संबंध में समाधान दिवस पर ज्ञापन भी दिया गया, परंतु समस्या अब भी बनी हुई है। उन्होंने बंद नाला को खोलवाकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की, ताकि जल निकासी की समस्या दूर हो सके। ज्ञापन देने वालों में प्रीति, खुशबू, धीरज सोनकर, नीरज सोनकर, रम्मन आदि शामिल रहे।