मिर्जापुर। नगर के बरियाघाट पर स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर के हाल में शनिवार को श्री रामलीला कमेटी व श्री महादेव सेवा समिति की संयुक्त बैठक हुई। आने वाले समय में महाशिवरात्रि पर महोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। इसी दौरान सजावट व शृंगार प्रभारी हिमांशु कसेरा व आकाश श्रीवास्तव को बनाया गया। कार्यक्रम संयोजक विपिन पुजारी ने बताया कि आने वाले 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन रविवार को बाबा का शृंगार व आरती मुख्य अतिथि आईजी आरपी सिंह द्वारा किया जाएगा। विशाल शिव बारात शाम चार बजे बरियाघाट स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर से निकलेगी और निर्धारित मार्गों से होत हुए बरियाघाट पंचमुखी मंदिर पर समाप्त होगी। वहीं बताया गया कि भगवान महादेव की भव्य पालकी महिलाओं द्वारा बारात में सबसे आगे की पंक्ति में होगी। जिसका प्रभारी राधा देवी, उषा गुप्ता, सरिता मौर्य व रचना श्रीवास्तव को बनाया गया। अंत में मंदिर के पुजारी ने सभी से सहयोग के लिए आग्रह किया। इस दौरान अक्षयवर नाथ केशरवानी, अमरेश मिश्रा, संतोष उमर, रविंद्र कुमार गुप्ता, सतीश चंद्र सर्राफ आदि मौजूद रहे।