मिर्जापुर। अवैध खनन की शिकायत पर रविवार को जंगल में पहुंचे वन दरोगा को खनन माफियाओं ने तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह वन दरोगा ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद विंध्याचल थाने में तहरीर दी। पहले तो पुलिस ने मामले में हीला-हवाली की लेकिन जब प्रकरण ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने देर रात एक नामजद समेत छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और सोमवार की सुबह एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
विंध्याचल सेक्शन में तैनात वन दरोगा पंच बहादुर सिंह ने आरोप लगाते हुए बताया कि रविवार की सुबह 10 बजे अवैध खनन की सूचना पर वन क्षेत्र बघरा तिवारी कोर्ट के पास पहुंचे। वहां पर हनुमान सिंह निवासी महुआरी कला थाना विंध्याचल अपने पांच-छह अज्ञात साथियों के साथ आकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर तमंचा सटा कर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह से अपनी जान बचाकर वापस लौट आया। इसके बाद खनन माफिया शाम पांच बजे उसे मोबाइल पर फोन कर भद्दी-भद्दी गाली देने के साथ एक बार फिर से जान से मारने की धमकी देने लगा। तत्काल विंध्याचल थाने में इसकी सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाया। हालांकि प्रकरण ऊपर बढ़ा तो आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विंध्याचल क्षेत्र में खनन माफिया द्वारा वन दरोगा को धमकी तब दी गई, जब कि 24 घंटे पहले क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा हुआ है। मामले में पुलिस ने भी शुरुआत में ढुलमुल रवैया अपनाया। पुलिस ने आरोपी हनुमान समेत छह अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। सोमवार की सुबह आरोपी हनुमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
महुआरी में काफी समय से हो रहा अवैध खनन
मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र महुआरी कला में काफी समय से अवैध खनन हो रहा है। इसके बाद भी खनन माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब तो वन दरोगा ने भी खनन माफियाओं पर अवैैध खनन से रोकने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। देखना होगा अब अवैध खनन पर रोक लगती है कि नहीं।
वन दरोगा को धमकी दिए जाने के मामले में आरोपी एक नामजद समेत छह अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी हनुमान सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। - प्रभात राय, सीओ सिटी