मिर्जापुर। बीते 24 घंटे में एक डिग्री सेल्सियस अधिकतम और तीन डिग्री न्यूनतम तापमान कम हुआ है। इस कारण बृहस्पतिवार से ठंड बढ़ गई है। दिन की शुरूआत धुंध और कोहरे से हुई। पूरे दिन धूप खिली रही लेकिन हवा के कारण धूप बेअसर रही। शाम होते ही गलन बढ़ गई है। भोर में कोहरा पड़ने और दिन में हवा चलने के कारण बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वासलीगंज, आर्य कन्या रोड, घंटाघर, बसनई बाजार, त्रिमुहानी, मुकेरी बाजार, संगमोहाल रोड, स्टेशन रोड पर रात आठ बजे तक सन्नाटा छा गया। मौसम पूर्वानुमान के आधार पर ग्रामीण कृषि मौसम सेवा भू-भौतिकी विभाग बीएचयू वाराणसी के तकनीकी अधिकारी (मौसम वैज्ञानिक) शिव मंगल सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होने की संभावना है। इससे ठंड बढ़ेगी।