हलिया। पिपरा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में ग्राम प्रधान निशा देवी की अध्यक्षता में रविवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि राबर्ट्सगंज के सांसद पकौड़ी लाल कोल, विशिष्ठ अतिथि छानबे विधायक रिंकी कोल रहीं। सांसद व विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को समाधान का निर्देश दिया।
चौपाल में ग्रामीणों ने एक सुर से क्षेत्र में छुट्टा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इस पर सीडीओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने गुर्गी ग्राम पंचायत में बन रहे पशु आश्रय स्थल में छुट्टा पशुओं काे एक सप्ताह के अंदर पकड़वाकर रखवाने का निर्देश दिया। गौरवा निवासिनी रोशन ने प्रार्थना पत्र देकर गांव के एक व्यक्ति पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इस पर सीडीओ ने सीओ लालगंज मंजरी राव को मामले की जांच करने का निर्देश दिया। उमरिया गांव की गुलाबकली, प्रेमलाल आदि ग्रामीणों ने गांव में व्याप्त पेयजल संकट के समाधान की मांग की। सीडीओ ने जल निगम के सहायक अभियंता को फटकार लगाते हुए हर घर नल योजना के काम तेजी लाकर पेयजल की समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। चौपाल में ग्रामीणों ने साफ-सफाई का मुद्दा उठाते हुए गांव में सफाई कर्मी के नहीं आने की शिकायत की। इस पर सीडीओ ने एडीओ पंचायत को संबंधित सफाई कर्मी के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देश दिया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राबर्ट्सगंज सांसद पकौड़ी लाल कोल ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक खुशहाली के लिए कार्य कर रही है। उनके उत्थान व विकास के लिए तमाम जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। सभी को उसका लाभ भी मिल रहा है। छानबे विधायक रिंकी कोल ने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समूहों के माध्यम से महिलाएं जुड़कर योजना का लाभ भी उठा रही हैं। उन्होंने चौपाल के माध्यम से मिलीं शिकायतों तथा आवास, शौचालय, पेंशन, राशनकार्ड की सुविधा आदि से वंचित लोगों को योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिया। सांसद पकौड़ी लाल कोल, विधायक रिंकी कोल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 10 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी, आवास प्रमाण पत्र तथा वृद्धा पेंशन के सात व शौचालय के 10 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किया। इसके अलावा आयुष्मान योजना के पांच लाभार्थियों को प्रतीकात्मक आयुष्मान कार्ड वितरित किया। चौपाल के दौरान सांसद ने पिपरा गांव निवासी तीन शिशुओं शिवम, सुनीत, सूर्य प्रकाश का अन्नप्राशन व तीन महिलाओं की गोदभराई भी की। चौपाल में बीडीओ डॉ. राजीव कुमार शर्मा, सांसद प्रतिनिधि धनंजय पांडेय, शिवबाबू सेठ, अरुण मिश्रा आदि मौजूद रहे।