मिर्जापुर। पड़री थाना क्षेत्र के नेवढि़या गांव निवासी ट्रक चालक बीते 26 जून को वाराणसी के भुल्लनपुर में ट्रक में सामान उतारने के बाद रस्सी कस रहा था। उस दौरान रस्सी हाथ से छूट गई। इससे वह सिर के बल गिरकर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार की रात ट्रक चालक की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए।
नेवढि़या गांव निवासी ट्रक चालक राम आसरे (38) बीते 26 जून को मध्य प्रदेश के कटनी से माल लादकर वाराणसी के भुल्लनपुर गए थे। वहां माल उतारने के बाद ट्रक खाली होने पर उस पर लगे तिरपाल की रस्सी को कस रहे थे। रस्सी कसते समय हाथ से छूट गई। इससे वे सिर के बल जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए ट्राॅमा सेंटर वाराणसी ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार की रात राम आसरे की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए। राम आसरे के के भाई आशीष यादव ने सूचना पड़री पुलिस को दी। पड़री पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विजय ने बताया कि वाराणसी में ट्रक पर रस्सी कसते समय गिरकर घायल ट्रक चालक की मौत होने गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।