राजगढ़। चितविश्राम गांव निवासी एक युवती मोबाइल फोन पर ज्यादा बात करने से मना करने पर बुधवार को देर रात कमरे में बड़ेर के लगे फंदे से लटक कर जान दे दी। रात में युवती को फंदे पर लटका देख परिजनों ने उसे नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो गई थी।
तालर ग्राम पंचायत के चित्रविश्राम गांव निवासी कविता (21) बुधवार की रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में चली गई। रात में उसने कमरे में बड़ेर के सहारे फंदे से लटक कर जान दे दी। देर रात लघुशंका के लिए उठे पिता ने पुत्री को कमरे में फंदे से लटका देखा। उन्होंने शोर मचाया तो परिजन वहां पहुंचे। इसके बाद कविता को फंदे से उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो गई थी। पिता जय प्रकाश ने बताया कि कविता को मोबाइल फोन पर ज्यादा बात करने से मना किया जाता था। बुधवार को मोबाइल फोन पर ज्यादा बात करने से उसे मना किया गया था। इस बात को लेकर उसने फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अमित कुमार के अनुसार परिजनों ने बताया कि मोबाइल फोन पर ज्यादा बात करने से मना करने पर युवती ने फंदे से लटककर जान दे दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।