मड़िहान। तहसील भवन के प्रथम तल पर शुक्रवार को जिला जज लालचन्द गुप्ता ने ग्राम न्यायालय का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला जज ने बताया कि तहसील क्षेत्र से संबंधित मुकदमों का निस्तारण के लिए अब 35 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। न्यायालय में दीवानी एवं फौजदारी संबंधित 25 हजार रुपये से कम मूल्यांकन अथवा दो वर्ष से कम सजा वाले मुकदमे का निस्तारण किया जाएगा। तहसील में न्यायालय खुलने से समय की बचत होगी। ग्राम न्यायालय मड़िहान में नियुक्त न्यायमूर्ति सुमित परासर ने बताया कि पीड़ितों को समय के साथ धन की बचत होगी। इस अवसर पर जिलाजज के अलावा प्रशासनिक अधिकारी वीरनायक सिंह, अपर न्यायाधीश अच्छेलाल सरोज, अपर जनपद सत्र न्यायाधीश भगवती प्रसाद सक्सेना, एससीएसटी न्यायाधीश संजयहरि शुक्ला, अपर जनपद न्यायाधीश फास्ट ट्रैक जितेंद्र मिश्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इंद्रजीत सिंह, अपर सिविल जज सौरभ श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी शिवप्रसाद, तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय व अध्यक्ष अधिवक्ता संघ रामदत्त सिंह आदि उपस्थित रहे।