वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर हनुमान पहाड़ी के पास सोमवार की देर रात बिहार जा रहा चावल लदा ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने जैसे ही यह बात खलासी को बताई कि तो वह घबराकर चलते ट्रक से कूद गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। मंगलवार की सुबह थाने पर पहुंचे ट्रक चालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद खलासी की शिनाख्त हुई। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी।
ट्रक चालक नंदजी प्रसाद ने बताया कि राबर्टसगंज सोनभद्र से ट्रक में चावल लोड कर बिहार जाते समय क्षेत्र के हनुमान पहाड़ी की ढलान पर अचानक ट्रक का ब्रेक फेल होना महसूस हुआ। उसने खलासी प्रेमजीत सिंह (21) पुत्र रतिरमन सिंह निवासी कुण्डेश्वर थाना शाहपुर जनपद भोजपुर बिहार को इसकी जानकारी दी। इस पर अपनी जान बचाने के लिए खलासी प्रेमजीत ने ट्रक का दरवाजा खोलकर बाहर छलांग लगा दी। हादसे में खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में चोट लगने की वजह से घंटों सड़क पर ही पड़ा छटपटाता रहा। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल खलासी को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खलासी की मौत से अनजान चालक नंदजी प्रसाद ने कहा कि कुछ दूर जाने पर ट्रक रुका तो घबराहट में उसे सड़क किनारे खड़ा करके ही मौके से डरकर भाग गया। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि चालक से मिली जानकारी के आधार पर सूचना दर्ज कर ली गई है। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।