मिर्जापुर। जिले के 1809 परिषदीय विद्यालय और 24 सहायता प्राप्त विद्यालयों, राजकीय और अनुदानित माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत 5663 रसोईयाें का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके लिए सभी खंड शिक्षाधिकारियों को पत्र जारी कर रसोईयों के चयन या नवीनीकरण की प्रक्रिया को 30 अप्रैल तक पूरा करने को कहा गया है। बीएसए अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि रसोईयों के लिए यह अनिवार्य योग्यता है कि उसका बच्चा संबंधित विद्यालय में पढ़ता हो। इसलिए सभी खंड शिक्षाधिकारी को चयन और नवीनीकरण में इस तथ्य को ध्यान में रखने को कहा गया है। उनके नवीनीकरण और चयन से नए सत्र में बच्चों को पौष्टिक और ताजा भोजन उपलब्ध कराया जा सके। गौरतलब है कि जिले में एक रसोइया को 2000 रुपये का मानदेय मिलता है।