मिर्जापुर। सिविल लाइन-कचहरी रोड पर रविवार की रात कार चालक एक ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद उसे घसीटते हुए दूर तक गया। कार चालक ने बाइक में भी टक्कर मार दी। बाद में रामबाग तहसील वाली में कार छोड़कर चालक फरार हो गया। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया। उधर, पीछे से काफिले में आ रहे एमएलसी विनीत सिंह ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
रविवार को रात करीब 11 बजे एक कार मोर्चाघर की ओर से सिविल लाइन कचहरी पेट्रोल पंप की ओर जा रही थी। रास्ते में कार चालक बाइक सवार दो युवकों व ई-रिक्शा के अलावा एक अन्य को टक्कर मारते हुए भागने लगा। कार चालक ई-रिक्शा को घसीटते हुए काफी दूर ले गया। इससे ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया। कार की बोनट पर ई-रिक्शा का चालक फंस गया था। लोगों ने कार का पीछा किया। कार 100 मीटर तक युवक को घसीटते हुए गई। सिटी क्लब के पास ई-रिक्शा चालक कार से अलग हुआ। कार का पीछा कर रहे लोग घायल के पास पहुंचे। उस दौरान पीछे से एमएलसी विनीत सिंह का काफिला आ रहा था। उन्होंने हादसा कर भाग रहे कार चालक के बारे में सूचना पुलिस को दी। घायलों को इलाज के लिए ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर पहुंचाया। इस हादसे में अशोक सोनकर (28) निवासी विजयपुर कोठी, बाइक सवार धीरज यादव (22) निवासी जोगियाबारी व आलोक यादव (23) निवासी चेकसारी, ई-रिक्शा चालक अजमत उल्लाह (34) निवासी जोगियाबारी अनंतपुरी कॉलोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। एमएलसी ट्राॅमा सेंटर में घायलों के इलाज के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने घायलों और डाॅक्टर से बात कर इलाज के बारे में जानकारी ली। उधर, हादसा कर भाग रहा कार चालक रामबाग के पास तहसील वाली गली में वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने कार चालक की तलाश शुरू की। बाद में कार रामबाग तहसील वाली गली में खड़ी मिली। पुलिस कार कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है। शहर कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि हादसा कर फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।