लालगंज। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर के पास बृहस्पतिवार की शाम को ट्यूबवेल की पानी की टंकी में अछीछी गांव निवासी मुन्ना (35) का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मसीरपुर निवासी मनोज सिंह के ट्यूबवेल की पानी की टंकी में बगल से गुजर रहे एक राहगीर को शव दिखाई दिया। उसने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मुन्ना एक ढाबे पर काम करते थे। वे चार भाईयों में सबसे बड़े थे। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा।