मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अकोढ़ी में निर्माणाधीन कूड़ा संग्रह केंद्र की रखवाली कर रहे ग्राम प्रधान के सहयोगी की शनिवार की रात लोहे के राड से मारकर हत्या करने के आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। पुलिस कुछ लोगों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अकोढ़ी के पास ग्राम सभा की जमीन पर कूड़ा संग्रह केंद्र का निर्माण हो रहा है। जिस स्थान पर कूड़ा संग्रह केंद्र बन रहा है, उस जमीन पर अमित सिंह अपना कब्जा बता कर निर्माण कार्य का विरोध कर रहा था। ग्राम प्रधान सतीश चंद्र तिवारी उर्फ पंकज ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा चिह्नित जमीन पर निर्माण कार्य हो रहा है। उसकी देखरेख के लिए सहयोगी जय नारायण सिंह (42) पुत्र मारकंडे सिंह करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शनिवार की रात जय नारायण की अमित सिंह ने अपने साथियों के साथ लोहे के राड से मारकर हत्या कर दी। पुलिस अमित सिंह और उसके चार साथियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। पुलिस कुछ लोगों को थाने में लाकर पूछताछ में जुटी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा ने बताया कि हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीम लगी हुई है। आरोपी जल्द ही गिरफ्तार किए जाएंगे।