सावन माह एकादशी तिथि पर आदिशक्ति मां विंध्यवासिनी माता दरबार में कतार में खड़े भक्त
- फोटो : MIRZAPUR
विंध्याचल । सावन माह की एकादशी पर्व पर आदिशक्ति जगत जननी मां विंध्यवासिनी दरबार में कोरोना काल में भी भारी भीड़ उमड़ी रही। हजारों की संख्या में आस्थाधाम आए श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन पूजन कर अपने परिवार के सुख एवं समृद्धि की कामना की। शनिवार एवं रविवार बंदी को देखते हुए शुक्रवार को लोग उमड़े रहे। लॉकडाउन में वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अनलॉक में एकादशी पर पूर्वांचल के कोने-कोने से परिवार संग आए भक्तों ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन व पूजन किए। गंगा स्नान करने के बाद गलियों में सजी माला फूल की दुकानों से प्रसाद लेने के बाद सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कतार बंद होकर मां का दीदार किया। मंगला आरती के पश्चात दर्शन पूजन का सिलसिला भोर से ही शुरु हो गया। जो देर रात तक चलता रहा। दर्शन पूजन करने करने से पूर्व आई महिला श्रद्धालुओ ने हलुआ और पूड़ी तैयार कर माता को भोग लगाया। श्री विंध्य पंडा समाज अध्यक्ष पंकज द्विवेदी की ओर से प्रत्येक सदस्यों का दो-दो घंटे की ड्यूटी निर्धारित की गई थी। उधर, नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्र ने मंदिर भ्रमण के पश्चात मीडिया हाउस में पत्रकारों से कहा कि वैश्विक महामारी में आस्थाधाम विंध्याचल मंदिर में तैनात पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। मंदिर में जिसका मन चाहे जिधर से वह मंदिर पर चढ़ जा रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं की तैनात सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक की भांति खड़े रहते हैं। नगर विधायक ने कहा खुद मेरे द्वारा कहने के बावजूद मंदिर पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन नहीं कराया जा रहा है। पुलिसकर्मियों ने मेरी बातों को भी नजर अंदाज कर दिया। इससे आहत नगर विधायक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने की बात कही।