मिर्जापुर। रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार को सुबह एक युवती अचेत अवस्था में मिली। उसे किसी ने जिला महिला अस्पताल पहुंचा दिया। जहां से महिला होमगार्ड ने उसे मंडलीय अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। पुलिस ने परिजनों की इस बारे में सूचना दी। परिजन कुछ बताने से इंकार कर रहे हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय किशोरी सुबह चार जिला महिला अस्पताल में मिली। किशोरी कक्षा आठ की छात्रा है। जिला महिला अस्पताल में तैनात होमगार्ड उसे अचेत अवस्था में देखकर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल लेकर गए। जहां किशोरी को सीसीयू वार्ड में भर्ती करा दिया गया। होमगार्ड से किशोरी ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। वहां से उसे किसी ने जिला महिला अस्पताल पहुंचा दिया। पुलिस ने छानबीन कर किशोरी से बात करने के बाद उसके घर का पता करके परिजनों को सूचना दी। सूचना पर किशोरी की मां और भाई पहुंचे। परिजन कुछ बताने से इंकार कर रहे हैं। जीआरपी प्रभारी अनिल त्रिपाठी ने बताया कि स्टेेशन पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा ने बताया कि स्टेशन से अस्पताल पहुंची किशोरी को महिला होमगार्ड ने सीसीयू में भर्ती कराया। जानकारी कर परिजनों को जानकारी दी गई। परिजनों ने बताया कि किशोरी बीमार है। मानसिक रूप से अस्वस्थ है। बीमारी की हालत में घर से निकल गई थी। परिजन किसी प्रकार की तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।