नरायनपुर के रैपुरिया गंगा घाट पर डूबकर मृत पुत्र के शोक में पिता व परिजन । स्रोत- सोशल मीडिया
नरायनपुर। अदलहाट थाना क्षेत्र के रैपुरिया गंगा घाट पर बुधवार को मकर संक्रांति पर पिता व चचेरे भाई के साथ स्नान करने आए किशोर की गंगा में डूबने से मौत हो गई। अदलहाट थाना क्षेत्र के बेगपुर निवासी महेंद्र शर्मा ने बताया कि वह अपने पुत्र प्रेयस शर्मा (16) और भतीजे राज शर्मा के साथ बुधवार की दोपहर रैपुरिया गंगा घाट पर स्नान करने आया था। प्रेयस गंगा में रस्सी पकड़ कर स्नान कर रहा था। इस बीच रस्सा हाथ से छूटते ही प्रेयस गंगा में डूबने लगा। बाहर बैठे पिता व चचेरे भाई उसे डूबता देख दौड़े लेकिन वह गहरे पानी में चला गया। उस समय घाट पर कोई तैराक रहता तो शायद वह बच जाता। जानकारी होते ही नरायनपुर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। गोताखोर को बुलाकर स्टीमर से घटना स्थल से पंप कैनाल तक खोजा गया। शाम चार बजे पहुंचे गोताखोरों की टीम ने शव को बाहर निकाला। मृतक प्रेयस शर्मा कक्षा 11 का छात्र था। दो भाइयों में बड़ा था। मां की एक वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो चुका है। प्रेयस को तैरना नहीं आता था। पिता मर्चेंट नेवी में काम करते थे। इस समय ग्राम टेडुआ में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। मौके पर थानाध्यक्ष अदलहाट अजय सेठ के साथ सीओ चुनार मंजरी राव व अन्य अधिकारी पहुंचे। शव को पुलिस चौकी लाया गया तो परिजनों ने कहा कि प्रयेस जिंदा है। इस पर पुलिस ने उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।