ड्रमंडगंज। हलिया थानांतर्गत ड्रमंडगंज चौकी क्षेत्र के चंद्रगढ़ मुड़ेल गांव में बुधवार की सुबह पानी निकालते समय कुएं में गिरने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। चंद्रगढ़ मुंडेल गांव निवासी कौशल धरकार उर्फ खुरमुट का 13 वर्षीय पुत्र नागेंद्र अपने घर से करीब दो सौ मीटर दूर सीवान में अपने मवेशियों को चराने के लिए गया था। उसी दौरान पानी निकालते समय नागेंद्र अचानक कुएं में गिर गया। नागेंद्र को कुएं में गिरता देख साथ गए अन्य चरवाहों ने घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन व पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। उसके बाद आनन-फानन रस्सी के सहारे किशोर को कुंए से बाहर निकाला गया। तब तक किशोर की मौत हो चुकी थी। उधर सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी योगेन्द्र पांडेय ने पंचनामा के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।