विंध्याचल थाना क्षेत्र के जोपा गांव निवासी एक किशोर की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार को शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के जोपा गांव निवासी सचिन (16) पुत्र झल्लू रविवार को देर शाम जोपा गंगाघाट की ओर गए थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन खोजबीन कर रहे थे। सोमवार को सुबह नौ बजे गंगा घाट पर सचिन का गमछा दिखाई दिया। लोगों को आशंका हुई कि वह गर्मी के कारण रात में स्नान करने लगा होगा और स्नान के दौरान डूब गया होगा। परिजनों ने विंध्याचल पुलिस को सूचना देने के साथ ही गंगा नदी में तलाश शुरू की। दो घंटे बाद सचिन का शव बरामद हुआ। परिजनों व ग्रामीणों के अनुरोध पर पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। सचिन दो भाइयों में छोटा था। हाईस्कूल का छात्र था।