कछवां। थाना क्षेत्र के बरैनी गांव के पास गंगा में नहाते समय मंगलवार को सुबह कछवां नगर पंचायत के परेड वार्ड निवासी एक किशोर गहरे पानी में जाने से डूब गया। मौके पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश में जुटी है।
कछवां नगर पंचायत के परेड वार्ड निवासी अंशू यादव (16) पुत्र राजू यादव सुबह करीब आठ बजे अपने पांच मित्रों के साथ पिकअप से गंगा में स्नान करने के लिए घर से निकला था। गंगा नदी में नहाते समय गहरे पानी में जाने से अंशू डूबने लगा। नदी में बहाव इतना तेज था कि आसपास मौजूद युवक जब तक कुछ समझ पाते, अंशू गंगा में डूब गया। लोगों ने इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में डूबे किशोर की तलाश शुरू कराई। उधर, डूबने की सूचना पर अंशू के परिजनों में कोहराम मच गया। वे भागे-भागे घाट पर पहुंचे। गोताखोर घंटों उसकी तलाश करते रहे, परंतु गंगा में डूबे किशोर का पता नहीं चल सका। कछवां थानाध्यक्ष संजीत बहादुर ने बताया कि स्नान के दौरान गंगा में डूबे किशोर की तलाश कराई जा रही है।