कछवां मछली मंडी के पास कार के टक्कर से क्षतिग्रस्त आटो। स्रोत- सोशल मीडिया
- फोटो : बल्दीराय के वलीपुर में लहलहाती गेहूं की फसल।
कछवां। थाना क्षेत्र के मछली मंडी के सामने सोमवार की सुबह तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार और ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो चालक समेत 12 लोग घायल हो गए। चालक व एक महिला को सीएचसी से रेफर किया गया। रास्ते में महिला सोनी की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि ऑटो में सवार महिलाएं खैरा क्षेत्र के खेत मजदूरी करने जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने ओवरटेक करने के चक्कर में ऑटो में टक्कर मार दी। कार से अध्यापक अपनी पत्नी को कछवां स्थित कंपोजिट विद्यालय छोड़ने जा रहा था। पत्नी वहीं पढ़ाती है। अध्यापक बजहां स्थित कंपोजिट विद्यालय में पढ़ाता है। हादसे के बाद अध्यापक वाहन वहीं छोड़कर अपनी पत्नी को उसके विद्यालय छोड़ने चला गया। उधर, हादसे में पार्वती (35), गुड़िया (20), सुघरा (38), नेहा (18), सरोजा (18), राधिका (14), रेखा (30), रेखा (35), ज्योति (12), कुसुम (30) सोनी (22) घायल हो गई। सभी घायल बसंतापुर औराई भदोही की निवासी हैं। ऑटो चालक चंद्रेश यादव (35) निवासी विक्रमपुर औराई भदोही भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कस्बा चौकी प्रभारी विनय कुमार दुबे ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर हालत गंभीर होने पर ऑटो चालक चंद्रेश यादव और सोनी को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल ले जाते समय सोनी की रास्ते में मौत हो गई। परिजनों को सूचना दी गई। कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।