ड्रमंडगंज। देवहट गांव निवासी ड्रमंडगंज स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल के अंग्रेजी और कंप्यूटर के शिक्षक मोहम्मद रमजान कुरैशी (38) की बुधवार को सुबह विद्यालय जाते समय रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। स्कूल जाते समय ड्रमंडगंज बाजार में अचानक सीने में तेज दर्द होने लगा और वे सड़क पर गिर पड़े। लोगों ने दौड़कर उठाया और घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर पहुंचे स्कूल के प्रबंधक दिवाकर सिंह निजी साधन से उन्हें कोरांव स्थित सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने देखते ही शिक्षक को मृत घोषित कर दिया। दिवाकर सिंह ने बताया कि डॉक्टरों ने दिल का दौरा पड़ने से मौत की बात कही। शिक्षक की दो बेटियां हैं। दस महीने पहले उनके बड़े भाई इस्लाम की भी हार्ट अटैक से हैदराबाद में मौत हो गई थी। असामयिक मौत पर प्रधान देवहट कौशलेंद्र गुप्ता, दिवाकर सिंह, पिंटू खान, जेपी केसरी, मिस्टर अंसारी, अयूब खान, रवि चौरसिया ने शोक जताया है।