मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बदली घाट के पास शनिवार की रात इमली के पेड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझाने पहुंची, परंतु रात में आग पर काबू नहीं किया जा सका। रविवार को सुबह काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया गया।
बदली घाट के पास कई साल पुराने इमली के पेड़ में शनिवार की रात आग लग गई। मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु आग बुझने के बजाय बढ़ती चली गई। संयोग था कि पेड़ के पास के मकान में कोई नहीं रह रहा है। आग लगने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई। सकरी गली होने के कारण दमकल की छोटी गाड़ी गई। अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु असफल रहे। रात भर पेड़ जलता रहा। पेड़ में आग लगने से ऐसा लग रहा था कि जैसे उससे कोई गैस निकल रही है। सुबह फायरब्रिगेड की दो गाड़ियां आईं। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर आग पर काबू किया गया। अग्निशमन अधिकारी अनिल सरोज ने बताया कि शनिवार को रात में आग लगने की सूचना पर पहुंचे थे। रविवार को सुबह करीब 11 बजे आग पर काबू किया गया।